ओहो प्रभु बचाओ मुझे| कल सुबह ऑफिस जाने के लिए गाडी का एफएम ऑन किया ही था कि कानो में पड़ा “नमस्कार!! मैं अरविन्द केजरीवाल बोल रहा हूँ|” मैं तो जैसे सीट से उछल ही पड़ा| पीछे मुड़कर बैक सीट पर देखा कही आवाज पीछे से तो नहीं आयी| आम आदमी है क्या पता आज मेरी ही गाडी में लिफ्ट ले ली हो| खैर जान में जान आई जब फिर से एफएम पर यही बजा| यह तो युगपुरुष जी का नया एड था| दिल्ली को साफ़ करने का|
आजकल पूरी दिल्ली को चमकाने की धुन शिद्दत से उनके सर पर सवार है| वैसे ही जैसे कभी जनलोकपाल बिल पास करने की थी| रातोंरात भ्रष्टाचार ख़त्म करने की थी| शीला दीक्षित को जेल भेजने की थी| एक आम आदमी बनने की थी|
लेकिन अबकी बार तो शायद उनका इरादा चमत्कार करने का है| बीजेपी वाली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर दिल्ली को साफ़ करने निकले है| लेकिन शर्त एक है| जहाँ भी सफाई होगी बस झाड़ू से ही होगी| क्योंकि इससे आम आदमी को काम मिलेगा| जेसीबी मशीन का इस्तेमाल तो कतई नहीं होना है| क्योंकि यह अम्बानी या अदानी की हो सकती है|
चारो तरफ सफाई का शोर है| सोचा था आज प्रगति मैदान जाकर ट्रेड फेयर ही देख आऊँ| पर पता चला आज तो कार फ्री डे घोषित किया हुआ है| मन ही मन बुदबुदाया कभी “आप फ्री डे” भी आएगा| मेट्रो में सवार हुआ तो वहाँ भी जहां-तहां क्लीन दिल्ली के विज्ञापनों की भरमार थी| यहाँ तो पहले ही काफी सफाई है| यहाँ क्या ज़रुरत थी टॉर्चर करने की|
पहले क्या कम एड छपवाए थे “आपने”| जैसे-जैसे डेंगू से लोगो के खून से प्लेटलेट्स कम हो रही थी उसी हिसाब से आपका विज्ञापन का बज़ट बढता जा रहा था|बस लोगो को यह बताने के लिए कि प्रधानमंत्री उनको काम नहीं करने दे रहे| दिल्ली पुलिस तो ऐसे मांग रहे थे कि जैसे दिल्ली पुलिस न हो बल्कि गोरखा बटालियन हो| कि मिलते ही कल चीन पर चढाई कर देंगे|
खैर रोजाना अपने गाडी के एंटीना को डिटर्जेंट से साफ़ करता हूँ| इस उम्मीद से कि कभी तो यह फ्री वाई-फाई के सिग्नल पकड़ेगा| पर वाह री किस्मत तू भी केजरीवाल के 70 चुनावी वायदों की लिस्ट की तरह दगा दे गयी|
अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ हो तो शेयर करे|